भारत रत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती के अवसर पर आगामी 11 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में एक भव्य जन्मोत्सव एवं विशेष परिचर्चा का आयोजन किया जा रहा है।

बृहस्पति वेलफेयर फाउंडेशन तथा एसोसिएशन ऑफ वॉलेंटरी एजेंसीस फॉर रुरल डेवलेपमेंट (एवार्ड) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य विषय “लोकनायक- “कल, आज और कल” रखा गया है। यह कार्यक्रम दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक जेपी से सम्बद्ध एवार्ड मुख्यालय , कमला देवी भवन, 5, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, नई दिल्ली – 110002 में आयोजित होगा। इस परिचर्चा का उद्देश्य लोकनायक के विचारों, उनके संपूर्ण क्रांति के नारे और ग्रामीण विकास के उनके दृष्टिकोण की वर्तमान व भविष्य के भारत में प्रासंगिकता पर गहन मंथन करना है। इस कार्यक्रम के मुख्य निवेदक पद्मश्री विजेता, सुप्रसिद्ध मूर्तिकार एवं राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय (NGMA) के पूर्व महानिदेशक व भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) के पूर्व उपाध्यक्ष श्री अद्वैत चरण गड़नायक (अध्यक्ष, बृहस्पति वेलफेयर फाउंडेशन) तथा डॉ. बी. मिश्रा (अध्यक्ष, एवार्ड) हैं।

बृहस्पति वेलफेयर फाउंडेशन एवं एवार्ड ने देश के विचारकों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों और राष्ट्र निर्माण में रुचि रखने वाले सभी नागरिकों को इस विचारोत्तेजक परिचर्चा में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया है। बृहस्पति वेलफेयर फाउंडेशन समाज कल्याण, कला और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देने के लिए समर्पित संस्था है. एवार्ड ग्रामीण विकास और स्वैच्छिक संगठनों को सशक्त बनाने के लिए काम करने वाली एक ऐतिहासिक संस्था है, जिससे जेपी स्वयं गहराई से जुड़े रहे थे। जेपी 1960 से 1979 तक एवार्ड के अध्यक्ष रहे।




