NIOS के 36वें स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे केन्द्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान

नोएडा। राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) अपना 36वां स्थापना दिवस समारोह 23 नवम्बर 2025 को कौशल भवन, नई दिल्ली में भव्य रूप से मनाएगा। इस अवसर पर माननीय केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान मुख्य अतिथि के रूप में समारोह की गरिमा बढ़ाएंगे। समारोह में श्री संजय कुमार (भा.प्र.से.), सचिव, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि सुश्री प्राची पांडे (आईए एवं एएस), संयुक्त सचिव, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। एनआईओएस, शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत दो राष्ट्रीय शिक्षा बोर्डों में से एक है,

जो मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा (ओडीएल) प्रणाली के माध्यम से मुक्त बेसिक शिक्षा (ओबीई), माध्यमिक, उच्चतर माध्यमिक एवं व्यावसायिक शिक्षा प्रदान करता है। अपनी स्थापना के बाद से ही एनआईओएस ने शिक्षा के क्षेत्र में समावेशी, सुलभ और लचीली शिक्षा प्रणाली के माध्यम से लाखों शिक्षार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। स्थापना दिवस समारोह के दौरान एनआईओएस अपनी 36 वर्षों की विकास यात्रा के प्रमुख पड़ावों को प्रदर्शित करेगा, साथ ही विभिन्न पाठ्यक्रमों और पाठ्यपुस्तकों की विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर माननीय केंद्रीय शिक्षा मंत्री के करकमलों से एनआईओएस के नवीन पाठ्यक्रमों एवं शैक्षिक सामग्री का विमोचन भी किया जाएगा।
समारोह में एनआईओएस के अध्यक्ष प्रो. अखिलेश मिश्र, सचिव, सभी विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
