शीत लहर, घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। पिछले दो-तीन दिन से दिल्ली-एनसीआर में धूप नहीं निकल रही है। इस वजह से तापमान और नीचे जा रहा है।

उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप है। ठंड के चलते उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों और जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है, क्योंकि सुबह राजधानी में घने कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि 3 से 6 जनवरी के बीच दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में शीत लहर (Cold Wave) चलने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम है। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से 2.2 डिग्री अधिक है। लोधी रोड में अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस, आयानगर में 17.2 डिग्री सेल्सियस, रिज में 14 डिग्री सेल्सियस और पालम में 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम और लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा, इसके बाद रिज पर 8.7 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बता दें कि शीत लहर तब घोषित की जाती है, जब न्यूनतम तापमान औसत तापमान से 4.5 डिग्री सेल्सियस से 6.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है। शुक्रवार को सफदरजंग में सुबह 1:30 बजे से 2 बजे के बीच सबसे कम दृश्यता 800 मीटर दर्ज की गई , जो बाद में 2:30 बजे तक बढ़कर 1,200 मीटर हो गई। मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 236 रहा, जो पिछले दिन के 380 से अधिक है। वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार का संकेत मिला है।

