बिहार की राजधानी पटना के एक हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही 18 वर्षीय मासूम छात्रा के साथ ऐसी दरिंदगी हुई जो पूरे समाज को झकझोर रही है। पोस्टमॉर्टम ने बलात्कार की पुष्टि की, हॉस्टल वार्डन गिरफ्तार हुआ, लेकिन सवाल वही पुराना—बेटियों की सुरक्षा अब सिर्फ किताबी बातें हैं या हकीकत?

6 जनवरी 2026 को पटना के राजेंद्रनगर स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में जहानाबाद निवासी छात्रा बेहोश मिली। उसे पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां 11 जनवरी को मौत हो गई। शुरुआत में पुलिस ने इसे सुसाइड बताया, लेकिन परिजनों के शक पर पोस्टमॉर्टम ने सच्चाई उजागर की। रिपोर्ट में जननांगों पर ताजा चोटें, गहरी रगड़ और ब्लीडिंग के स्पष्ट निशान मिले मेडिकल बोर्ड ने इसे जबरन प्रवेश माना, जिसमें एक से अधिक लोगों की संलिप्तता संभव। छात्रा ने संघर्ष के निशान छोड़े—नाखूनों के खरोंच और चोटें साबित करती हैं कि वह होश में थी और बचाव की जद्दोजहद कर रही थी। हॉस्टल में ओवरडोज दवाओं के सर्च मिले, लेकिन बलात्कार के सबूत अटल हैं। परिजनों ने हॉस्टल मालिक मुसाहिद रेजा, वार्डन मनीष रंजन, खुषबू कुमारी समेत कई पर गैंगरेप और हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस ने हॉस्टल सील कर दिया, सभी छात्राओं को खाली कराया। एफएसएल टीम ने साइट की फॉरेंसिक जांच की, डीएनए सैंपल लिए। 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, मोबाइल फोन की जांच जारी। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के नेतृत्व में महिला अधिकारी वाली एसआईटी गठित हुई।
वार्डन मनीष रंजन सबूतों से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार। रिपोर्ट एआईआईएमएस पटना गई दूसरी राय के लिए। डीजीपी विनय कुमार ने जांच तेज करने के सख्त निर्देश दिए। परिजनों का गुस्सा और पुलिसिया लाठियां, फिर भी न्याय में देरी से परिजन भड़क उठे। शव रखकर प्रदर्शन किया, तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। हॉस्टल में आगजनी हुई, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल। कांग्रेस समर्थकों ने सड़कों पर विरोध जताया।
इलाके की छात्राएं डर से बयान देने से कतरा रही हैं, स्थानीय लोग खामोश। बिहार उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोषियों को कड़ी सजा का भरोसा दिलाया, लेकिन जख्म गहरे हैं। परिवार ने कवर-अप और सौदेबाजी का आरोप लगाया—क्या ऊपरी दबाव में सच्चाई दबाई जा रही?
यह घटना अकेली नहीं, बिहार अपराध की काली तस्वीर है।
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) और राज्य पुलिस डेटा: 2015-2024 तक कुल अपराध 80% उछाल (राष्ट्रीय औसत 24%)। हत्या के 37.8% मामले व्यक्तिगत दुश्मनी से, बाकी संपत्ति विवाद।बलात्कार में विस्फोट: 2000 के 746 से 2024 के 2,205 तक लंबी छलांग। 2025 में मामूली गिरावट, लेकिन डीजीपी का दावा है कि गंभीर अपराध (हत्या, डकैती) 25 साल के न्यूनतम पर हैं।दोषसिद्धि: 2025 में 1.43 लाख दोषसिद्धियां हुईं, लेकिन रोकथाम की कमी साफ।
पटना, कोटा जैसे शहरों में हजारों छात्राएं नीट-यूपीएससी की तैयारी के लिए आती हैं। हॉस्टल सुरक्षा नाममात्र की—बिना सत्यापन के वार्डन, रात के पहरेदार गायब। बेटियां सपने संजोकर आती हैं, लेकिन लाश बनकर लौटती हैं। यह केस हर कोचिंग हॉस्टल के लिए खतरे की घंटी है। नीतीश सरकार को आईना देखना होगा। अपराध बढ़ते जा रहे, पुलिस सुस्त। विपक्ष राजनीति कर रहा, लेकिन बेटियों की चीख सुनाई नहीं दे रही।
2025 चुनावों में कानून-व्यवस्था मुद्दा बनी, लेकिन जमीनी हकीकत वही। सरकारें बदलती रहीं, अपराधी खुलेआम घूमते। क्या बिहार बेटियों के लिए सुरक्षित बनेगा?ठोस सुधार के उपाय: अब जागो!समय रहते कदम उठाओ, वरना जनाक्रोश भड़केगा। यहां व्यावहारिक सुझाव:हॉस्टलों में अनिवार्य सीसीटीवी: हर कमरे-गलियारे में 24×7 निगरानी, फुटेज 6 माह सुरक्षित। वार्डन-स्टाफ सत्यापन: पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य, महिला वार्डन प्राथमिकता।रात्रि गश्त बढ़ाओ: कोचिंग इलाकों में विशेष पुलिस पेट्रोलिंग, ऐप-बेस्ड शिकायत सिस्टम।फास्ट-ट्रैक कोर्ट: बलात्कार-हत्या मामलों में 6 माह में सजा सुनिश्चित, डेथ पेनल्टी पर विचार।छात्रा सुरक्षा ऐप: जीपीएस ट्रैकिंग, इमरजेंसी बटन, पैरेंट अलर्ट सिस्टम।
स्कूल-कोचिंग में सेल्फ-डिफेंस ट्रेनिंग, हॉस्टल नियम सख्त।बिहार पुलिस ने 2025 में सुधार के दावे किए, लेकिन आंकड़े झूठ नहीं बोलते। मां-बाप बेटियों को आगे बढ़ने भेजते हैं, पटना हॉस्टल जैसी घटनाएं भरोसा चूर-चूर कर रही। यह सिर्फ एक छात्रा की त्रासदी नहीं—पूरे बिहार की बेटियों का सवाल है। न्याय दो, सुधार लाओ, वरना इतिहास दोषी ठहराएगा। बिहार बदले, बेटियां सुरक्षित सांस लें!
