यूपी, बिहार और दिल्ली-एनसीआर में भी तापमान रोज का रोज गिर रहा है। दिल्ली में शीत लहर भी चलने लगी है। पहाड़ी इलाकों में तापमान में माइनस में पहुंच रहा है।

पहाड़ों में हल्की बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 5 और 6 जनवरी को उत्तरी और मध्य कश्मीर के ऊंचे इलाकों और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया है। आईएमडी ने कहा कि अगले कुछ तीन दिनों के दौरान मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की क्रमिक गिरावट आने की संभावना है, जिसके बाद अगले चार दिनों तक कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा।
और लुढकेगा पारा
मौसम विभाग ने 5 और 6 जनवरी को उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर पाला पड़ने की भी संभावना जताई है। इसमें कहा गया है कि अगले पांच दिनों में गुजरात में न्यूनतम तापमान बढ़ने की संभावना है। भारत के शेष हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने का पूर्वानुमान नहीं है।
दिल्ली के आयानगर में 6.6 डिग्री सेल्सियस तापमान
बढ़ती ठंड के चलते दिल्ली का तापमान लगातार गिर रहा है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद लोधी रोड में 7.6 डिग्री, सफदरजंग में 7.4 डिग्री, पालम में 6.8 डिग्री और आयानगर में 6.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। स्टेशनवार अधिकतम तापमान के आंकड़ों के अनुसार, रिज में अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली का AQI 307 दर्ज किया गया
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, शाम चार बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 307 था, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। राजस्थान में सुबह के दौरान कई स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाया रहा, जिसमें सीकर जिले के फतेहपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पाली और चूरू में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग के अनुसार, सिरोही, पाली और चूरू में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद वनस्थली में चार डिग्री सेल्सियस, लूंकरनसर में 2.8 डिग्री सेल्सियस और सीकर में 2.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
श्रीनगर में माइनस में पहुंच रहा तापमान
कश्मीर में तापमान शून्य से नीचे बना रहा और घाटी भर में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो एक रात पहले के शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे से काफी कम है। कश्मीर में इस समय चिल्ला-ए-कलां का प्रकोप जारी है, जो सर्दियों का सबसे भीषण 40 दिनों का मौसम होता है। इस दौरान रात में तापमान अक्सर हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे गिर जाता है। हालांकि, घाटी के मैदानी इलाकों में इस मौसम में अभी तक बर्फबारी नहीं हुई है।
