विकसित भारत का संकल्प 2047 तक प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरा होगा, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

पाटलिपुत्र नाम से टाउनशिप विकसित किया जाएगा, जहां उद्योग स्थापित करने के साथ ही बच्चों के खेलने की भी व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प 2047 तक प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरा होगा। इसको लेकर हम सभी को संकल्प लेना है। यह सम्मेलन प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है। इस सम्मेलन का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में 5 करोड़ गरीब लोगों को पक्का मकान उपलब्ध कराया गया, जबकि इंदिरा आवास योजना के तहत वर्ष 1947 से 2014 तक मात्र लगभग 2 करोड़ पक्के मकान बने। हमें गर्व है कि बिहार में 76 लाख पक्का मकान गरीब लोगों के लिए बना। प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी वर्ष 2014 में जब प्रधानमंत्री बने तो देश की अर्थव्यवस्था विश्व 11वें स्थान पर थी। आज भारत की इकोनॉमी चौथे स्थान पर पहुंच गई है, इसके लिए जी०एस०टी० लागू करने के साथ ही कई सुधार किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक करोड़ लोगों को नौकरी एवं रोजगार से जोड़ने का संकल्प है इस दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमलोगों ने बिहार के विभिन्न हिस्सों में टाउनशिप बनाने की योजना तय की है। पाटलिपुत्र नाम से भी एक टाउनशिप विकसित किया जाएगा, जहां उद्योग स्थापित करने के साथ ही बच्चों के खेलने की भी व्यवस्था रहेगी। बिहार के सभी 534 प्रखंडों में सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में इस प्रकार से मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे, जहां सांसद, मंत्री, अधिकारी और गरीब के बच्चे एक साथ पढ़ेंगे। यह अभियान मिलर हाई स्कूल से शुरू किया जायेगा।

पुलिस को चुनौती देने वाले अपराधियों को 48 घंटे के अंदर बिहार पुलिस जवाब दे रही है। बिहार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र अंतर्गत सभी प्रखंडों से जुड़े पंचायतों में सब्जी मार्केट, मछली मार्केट और दूध बिक्री केंद्र विकसित किया जाएगा। सभी विभागों के माध्यम से होने वाले विकास कार्यों को तीन हिस्सों में बांटकर कार्य पूर्ण कराए जाएंगे, जिनमें योजना की एक तिहाई राशि मेंटेनेंस पर, एक तिहाई राशि जनकल्याण पर तथा एक तिहाई राशि राजस्व संग्रह हेतु व्यवस्थित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राइवेट यूनिवर्सिटी खोलने के जितने भी प्रस्ताव बिहार में आएंगे उन्हें मंजूरी दी जाएगी ताकि यहां के बच्चों को उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए बाहर नहीं जाना पड़े। प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को सभी पंचायतों में आमसभा की बैठक कराकर विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि 20 जून को पीएम किसान सम्मान निधि की अगली किस्त लाभुकों के खाते में भेजी जाएगी। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, उड़ीसा सहित देश के 22 राज्यों में भाजपा समर्थित सरकार है।

यह कार्यकर्ताओं के जगे रहने का प्रमाण है। हमारे कार्यकर्ता जब तक जगकर जनता से जुड़कर उनकी समस्याओं का समाधान करते रहेंगे, हमें चुनाव में जनता का आशीर्वाद मिलता रहेगा। सहयोग शिविर कार्यक्रम के माध्यम से 3,85,000 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2,65,000 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। विकसित भारत हमारा संकल्प है और आत्मनिर्भर बिहार हमारा लक्ष्य, इन्हीं को ध्यान में रखते हुए हम लोग लगातार विकास के काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया का सबसे ताकतवर देश बनेगा।

Change Language