3.68 करोड़ वोटर 1302 उम्मीदवारों का फैसला आज

बिहार में आज 122 सीटों पर मतदान हो रहा है। दूसरे और अंतिम चरण में 3.68 करोड़ वोटर मताधिकार का इस्तेमाल कर 1302 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान आज हो रहा है। इस चरण में 20 जिलों की 122 सीटों के मतदाता वोट डालेंगे। इसके साथ ही कुल 1,302 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी। इससे पहले हुए पहले चरण के चुनाव में 1314 उम्मीदवारों की किस्मत 6 नवंबर को ईवीएम में कैद हो चुकी है। दूसरे चरण के चुनाव में कुल 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 1167 पुरुष उम्मीदवार और 134 महिलाएं और एक अन्य उम्मीदवार है। इस चरण में 101 सामान्य और 19 अनुसूचित जाति और दो अनुसूचित जनजाति के लिए के लिए आरक्षित सीटों पर मतदान जारी है। सबसे ज्यादा उम्मीदवार, 22-22, तीन विधानसभा सीटों गया जिले में गया टाउन, रोहतास में सासाराम सीट और कैमूर जिले में चैनपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरी ओर, सबसे कम उम्मीदवार, पांच-पांच, तीन सीटों सुपौल जिले में त्रिवेणीगंज, पूर्वी चंपारण जिले में लौरिया और सुगौली से चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरे चरण में 3.68 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1.94 करोड़ से ज्यादा पुरुष, 1,74 करोंड़ से ज्यादा महिलाएं और 967 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। दूसरे चरण के मतदान के लिए कुल  45,371 बूथों पर मतदान किया जा रहा है। 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदाताओं के संख्या के हिसाब से बूथ बनाए गए हैं। एक मतदान केंद्र पर 818 मतदाताओं की संख्या होगी।   

Change Language