ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन (AIJGF) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पंकज अरोरा के नेतृत्व में तथा बिहार प्रदेश अध्यक्ष श्री अशोक कुमार वर्मा की उपस्थिति में एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली स्थित कार्यालय में माननीय लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला जी से भेंट कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317 (पूर्व IPC धारा 411) से संबंधित ज्वैलर्स एवं स्वर्णकार समुदाय की समस्याओं के विषय में एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा अध्यक्ष महोदय को अवगत कराया कि BNS धारा 317 के विभिन्न राज्यों में भिन्न-भिन्न अनुपालन के कारण देशभर के ईमानदार ज्वैलर्स एवं स्वर्णकारों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान हेतु AIJGF की विधिक टीम द्वारा एक विस्तृत SOP (Standard Operating Procedure) तैयार की गई है, जिसे बिहार पुलिस के माननीय पुलिस महानिदेशक (DGP) द्वारा अनुमोदित किया गया तथा बिहार में उसके अनुरूप दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

ज्ञापन में अनुरोध किया गया कि बिहार मॉडल SOP का परीक्षण कर इसे राष्ट्रीय स्तर पर लागू करने हेतु आवश्यक पहल की जाए, जिससे पूरे देश में एक समान व्यवस्था स्थापित हो सके और ज्वैलर्स समुदाय को राहत मिल सके। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि यह पहल माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के Ease of Doing Business के विज़न को और अधिक सशक्त बनाने में सहायक होगी। माननीय लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला जी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना तथा विषय पर उचित विचार एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पंकज अरोरा, बिहार प्रदेश अध्यक्ष श्री अशोक कुमार वर्मा सहित सागर केसरवानी राष्ट्रीय मीडिया सचिव, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष राकेश मालिक व अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।