विश्व प्रसिद्ध गयाजी पितृपक्ष मेला महासंगम के दौरान मोक्ष भूमि में मानवता और ईमानदारी का एक सराहनीय उदाहरण देखने को मिला है।

102 एम्बुलेंस के एक चालक ने मध्य प्रदेश से आए तीर्थयात्री का खोया हुआ कीमती मोबाइल ढूंढकर न सिर्फ उसे सुरक्षित रखा, बल्कि खुद बोधगया जाकर उसे वापस सौंप दिया। मध्य प्रदेश के सतना जिले से पितृपक्ष मेले में पिंडदान करने आए एक श्रद्धालु का कीमती मोबाइल फोन मेले के दौरान कहीं गिर गया था। यह मोबाइल ड्यूटी पर तैनात 102 एम्बुलेंस के चालक बिन्देश्वर कुमार को मिला। बिन्देश्वर कुमार ने ईमानदारी का परिचय देते हुए मोबाइल को अपने पास सुरक्षित रख लिया। इसके बाद उन्होंने मोबाइल में मौजूद कॉन्टैक्ट लिस्ट (संपर्कों) के जरिए तीर्थयात्री से जुड़े लोगों को फोन किया और उनके बारे में जानकारी जुटानी शुरू की। काफी सक्रियता और कड़ी मेहनत के बाद बिन्देश्वर को पता चला कि उक्त श्रद्धालु इस समय बोधगया के एक होटल/आश्रम में ठहरे हुए हैं। जानकारी मिलते ही चालक बिन्देश्वर कुमार खुद बोधगया पहुंचे और श्रद्धालु से मिलकर उन्हें उनका मोबाइल सुरक्षित सौंप दिया। अपना खोया फोन वापस पाकर तीर्थयात्री भावुक हो गए और उन्होंने एम्बुलेंस चालक की ईमानदारी की जमकर सराहना की.




