नया साल धार्मिक स्थलों पर मनाने के लिए लोगों में खासा उत्साह रहा है। इसी क्रम में विश्व विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम उज्जैन पहुंचीं।

धार्मिक नगरी उज्जैन में नए साल की शुरुआत बाबा महाकाल की भस्म आरती से की गई। देश भर से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भस्म आरती में शामिल होकर नए वर्ष की मंगलकामना की। नव वर्ष के अवसर पर बाबा महाकाल का आकर्षक श्रृंगार किया गया। ऐसी मान्यता है कि बाबा महाकाल की भस्म आरती की एक झलक पाने से हर व्यक्ति, विशेष हो जाता है। नए वर्ष को लेकर बाबा महाकाल का दरबार फूलों और विधुत सज्जा के अलावा रुद्राक्ष और डमरू से सजाया गया है।नया साल धार्मिक स्थलों पर मनाने के लिए लोगों में खासा उत्साह है। इसी क्रम में विश्व विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की 9 खिलाड़ी उज्जैन पहुंचीं। मुख्य तौर पर ये सभी बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुईं। दरअसल, आज विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में नया साल अनूठे अंदाज में मनाया गया। यहां देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं ने सुबह 3 बजे महाकाल की भक्ति में लीन होकर अपने नए साल की शुरुआत की। नए साल की पहली सुबह में बाबा महाकाल का पंचामृत अभिषेक हुआ अर्थात् दूध, दही, घी, शकर व शहद से बाबा को नहलाया गया। उसके बाद चंदन का लेपन कर सुगन्धित द्रव्य चढ़ाए और भांग से श्रृंगारित किया गया। इस बीच पंडितों द्वारा मंत्रोचारण किए गए। फिर बाबा को श्वेत वस्त्र ओढ़ाकर भस्म रमाई गई। भस्मि भूत होने के बाद झांझ-मंजीरे,ढोल-नगाड़े व शंखनाद के साथ बाबा की भस्म आरती की गई। नए साल की भस्म आरती में शामिल होने आए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। लोगों ने 3 से 8 घंटे लाइन में लगकर बाबा महाकाल के दर्शन किए। किसी ने अपने परिवार की सुख शांति के लिए कामना की तो किसी ने देश के अमन चेन व समृद्धि को लेकर मत्था टेका। अधिक से अधिक श्रद्धालु बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन कर सके इसलिए महाकाल मंदिर समिति ने इस बार चलित भस्म आरती की व्यवस्था की। इस व्यवस्था के तहत श्रद्धालु कतार में चलते हुए बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन कर रहे थे। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल की भस्म आरती देखी।
