महाराष्ट्र में आज BMC सहित 29 नगर निकायों के लिए मतदान का दिन है। सबसे ज्यादा नजर मुंबई महानगर पालिका पर है, जहां महायुति और ठाकरे बंधुओं के मोर्चे में मुकाबला है। शिवसेना के विभाजन के बाद पहली बार हो रहा यह चुनाव ठाकरे परिवार की राजनीतिक ताकत की परीक्षा माना जा रहा है।

महाराष्ट्र में आज मुंबई महानगर पालिका (BMC) समेत 29 नगर निकायों के लिए मतदान का दिन है। इस बार के चुनाव में सबकी निगाहें देश के सबसे बड़े और समृद्ध नगर निकाय BMC के रिजल्ट पर टिकी हैं। BMC में बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन और ठाकरे बंधुओं के मोर्चे के बीच दिलचस्प मुकाबला होने की उम्मीद है। 227 वार्डों वाली BMC पर बीते 25 सालों से शिवसेना का कब्जा है। 2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद पहली बार हो रहे BMC चुनाव मुंबई में ठाकरे परिवार के दबदबे की भी परीक्षा लेंगे।
‘मेरी विनती है कि मुंबई की प्रगति के लिए वोट करें’
BMC चुनाव पर शिवसेना नेता शाइना एन.सी. ने कहा, ‘मेरी विनती है कि हर एक मुंबईकर को पहले मतदान फिर जलपान। ये मुंबई की प्रगति के लिए बहुत महत्वपूर्ण है कि आप बाहर आएं और मत दें। लोकतंत्र की एक खूबी है कि जब आप वोट करते हैं तब आप प्रश्न उठा सकते हैं। मेरी विनती है कि मुंबई की प्रगति के लिए वोट करें।’
‘मुंबई में शिवसेना UBT-MNS गठबंधन जीतेगा’
BMC चुनाव 2026 पर MNS नेता यशवंत किल्लेदार ने कहा, ‘मैं वोट डालने जा रहा हूं, लेकिन ऐसा करने से पहले मैं यहां (श्री सिद्धिविनायक मंदिर) आया हूं, जो मैं हर बार करता हूं। कोई भी अच्छा काम शुरू करने से पहले मैं हमेशा बप्पा (भगवान गणेश) का आशीर्वाद लेता हूं, और उसी के लिए मैं यहां आया हूं। मुंबई में शिवसेना UBT-MNS गठबंधन जीतेगा, और एक मराठी व्यक्ति मेयर बनेगा।’
