06 अगस्त 2026 को ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन (AIJGF) के प्रदेश अध्यक्ष एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के व्यवसायिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि भारत के जेम्स एवं ज्वेलरी उद्योग के सबसे प्रतिष्ठित एवं सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक आयोजन इंडिया इंटरनेशनल ज्वेलरी शो (IIJS) 2026 का उद्घाटन भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री श्री चिराग पासवान जी द्वारा 06 अगस्त 2026 को मुंबई में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस भव्य आयोजन में देशभर से लगभग 50,000 ज्वेलर्स, स्वर्णकार, निर्माता, निर्यातक, आयातक, डिज़ाइनर एवं व्यापारिक प्रतिनिधि भाग लेंगे, जबकि बिहार से 150 से अधिक ज्वेलर्स एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों का दल भी इसमें सहभागिता करेगा। श्री वर्मा ने कहा कि IIJS भारतीय जेम्स एवं ज्वेलरी उद्योग का सबसे बड़ा व्यापारिक मंच है, जहां नवीनतम डिजाइनों, तकनीकों, मशीनरी एवं व्यापारिक अवसरों का प्रदर्शन किया जाता है। यह आयोजन भारतीय आभूषण उद्योग को वैश्विक बाजार से जोड़ने तथा निर्यात और निवेश को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री श्री चिराग पासवान जी का इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होना जेम्स एवं ज्वेलरी उद्योग, स्वर्णकार समाज तथा देशभर के व्यापारिक समुदाय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उनके नेतृत्व में व्यापार एवं उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न विषयों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जा रहा है, जिससे व्यापारिक समुदाय को नई दिशा और विश्वास प्राप्त हो रहा है। श्री वर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि IIJS 2026 भारतीय ज्वेलरी उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, रोजगार एवं निर्यात को बढ़ावा देने तथा भारत को वैश्विक ज्वेलरी हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




