लेखक गोविन्द सूचिक, हरदा , मध्यप्रदेश का दर्द, उनकी संवेदना, उनकी कविता का एक एक अल्फ़ाज़ पढ़ना होगा आपको,,,,डॉ मुश्ताक अहमद शाह सहज, हरदा, मध्य प्रदेश

परम आदरणीय गोविन्द सूचिक जी, द्वारा रचित यह कविता आधुनिक समाज के उस काले सच को उजागर करती है, जहाँ भौतिक विकास और स्वार्थ के अंधी दौड़ में रिश्तों की पवित्रता, संवेदनाएं और मानवीय मूल्य दम तोड़ रहे हैं। यह रचना केवल एक पिता की व्यक्तिगत त्रासदी नहीं है, बल्कि यह आज की युवा पीढ़ी की उस संवेदनहीनता पर एक गंभीर कटाक्ष है, जो जीवनभर पालने-पोसने वाले माता-पिता को वृद्धाश्रम या अकेलेपन की भट्ठी में झोंककर अपनी दुनिया में व्यस्त हो जाती है।

कविता के मुख्य भाव और संवेदना के बिंदु,,,
असमर्थ और लाचार पिता का इंतेज़ार,कविता का सबसे बड़ा मर्म उस पिता की प्रतीक्षा में छिपा है जो वृद्धाश्रम की चारदीवारी के बीच या अकेलेपन में अपनी तीनों बेटियों की राह जोह रहा था। उसे उम्मीद थी कि शायद कभी तो बेटियां उसे देखने आएंगी, लेकिन उसका यह विश्वास और उम्मीदें अंततः दम तोड़ गईं।

वीडियो कॉल पर ‘अंतिम विदाई’ (आधुनिकता का अभिशाप)रचना का सबसे विचलित कर देने वाला दृश्य वह है जहाँ बेटियों ने पिता के अंतिम दर्शन के लिए आने के बजाय वीडियो कॉल पर ही औपचारिकता निभा दी। “जल्दी करिए मुझे स्नान करना है, भोजन भी करना है”,जैसे वाक्य इस बात का प्रमाण हैं कि आज के दौर में अपनों की मौत भी केवल एक काम या बाधा बन गई है जिसे जल्दी से (निपटाना) जरूरी समझा जाता है।
विश्वास और रिश्तों की चिता,,,रोहतक में जली वह चिता केवल एक नश्वर शरीर की नहीं थी, बल्कि वह उस भरोसे और समर्पण की चिता थी जो एक पिता ने अपनी पूरी जिंदगी खून-पसीना बहाकर सींचा था। लेखक आदरणीय गोविन्द सूचिक जी ने बहुत ही सुंदर और पीड़ादायक शब्दों में कहा है,रोहतक में एक चिता नहीं जली, आज एक पिता का विश्वास जला!”
क़लम की बेबसी और प्रकृति का रोना,,,कविता की शुरुआत में ही लेखक अपनी लाचारी व्यक्त करता है कि ऐसी अमानवीय घटना को देखकर उसकी “क़लम भी बदहवास” और “स्याही उदास” है। यहाँ तक कि गंगा मैया भी इस विडंबना पर रोई होंगी, क्योंकि जिस भारतीय संस्कृति में माता-पिता को ईश्वरतुल्य माना जाता था, वहाँ उनकी अर्थी को कंधा देना तो दूर, अस्थियों को अपनों का स्पर्श तक नसीब नहीं हुआ।
यह कविता पाठकों के मन में एक गहरा शून्य और टीस छोड़ जाती है। गोविन्द सूचिक जी ने अपनी संवेदनशील लेखनी से यह चेतावनी देने का प्रयास किया है कि वैभव, पद और प्रतिष्ठा चाहे कितनी भी मिल जाए, लेकिन माता-पिता का साया और उनका प्यार दोबारा नहीं मिलता। यदि समाज ने अपने गिरते हुए मानवीय मूल्यों को नहीं संभाला, तो आने वाले समय में रिश्ते केवल मोबाइल की स्क्रीन और वीडियो कॉल्स तक ही सिमटकर रह जाएंगे। यह रचना समाज के अंतःसत्व को झकझोरने और आत्ममंथन करने के लिए बाध्य करती है।उफ़,,,




